मकर राशि वाले जातक करियर के क्षेत्र में अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। ये अपनी क्षमता से नीचे के स्तर पर नौकरी की शुरुआत करते हैं और धीरे-धीरे शीर्ष पर पहुंचते हैं। ये जातक संघर्ष से अपने लक्ष्य को पाने में गर्व महसूस करते हैं।
नौकरी में कम मेहंताना मिलने से भी इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। ये अपना हर काम पूरी लगन और निष्ठा से करते हैं। इनका मानना है कि यह कुछ बड़ा हासिल करने के लिए ही किया जा रहा है इसलिए मौजूदा मेहंताना कम होने पर भी ये खुशी से काम करते हैं। कार्यक्षेत्र में अधिक महत्व न मिलने पर ये नौकरी को छोड़ने का मन भी जल्दी बना लेते हैं।
करियर को लेकर ये जातक इतने गंभीर होते हैं कि अपने निजी जीवन पर भी ध्यान नहीं दे पाते। आराम के समय में भी इनके दिमाग में अधूरे कार्यों की बातें ही घूमती रहती हैं। खराब स्थिति में मकर राशि वाले जातक ही पूरी टीम का मार्गदर्शन करने का गुण रखते हैं। नौकरी चाहे कैसी भी हो ये उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करते हैं।
यह जातक विश्लेषणात्मक, प्रबंधन कौशल में निपुण और जिज्ञासु होते हैं जिस कारण यह वित्त, बैंकिंग, प्रबंधन, लेख, प्रशासन और कानून जैसे क्षेत्रों में अपना करियर बना सकते हैं।